गाजीपुर। दी होमियोपैथिक मेडिकल एसोशिएशन ऑफ इंडिया का द्विवार्षिक अधिवेशन उन्नाव के मोतीनगर में बीते दिनों सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उन्नाव के सदर विधायक एवं चेयरमैन उत्तर प्रदेश आडिट कमेटी पंकज गुप्ता ने होमियोपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनिमैन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर डॉ. डीपी सिंह ने प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा कराए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। कहा कि प्रदेश के सभी होमियोपैथिक चिकित्सकों की हर समस्या के समाधान के लिए वह अपनी टीम के साथ सदैव तत्पर रहेंगे। मुख्य अतिथि ने प्रदेश के कई जिलों से आए चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। दूसरे सत्र में एसोसिएशन के कार्यकारिणी का द्विवार्षिक चुनाव संम्पन्न हुआ। अधिवेशन एवं चुनाव में शामिल प्रदेश भर से आए हुए सभी चिकित्सकों ने पुन: अध्यक्ष पद पर डॉ. डीपी सिंह, महामंत्री पद पर डॉ. संजय मिश्रा और उपाध्यक्ष पद पर जनपद के ही डॉ. राजेश सिंह का चयन किया। इस मौके पर वाराणसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीके पांडेय, लखनऊ के डॉ. एसपी सिंह, डॉ भक्तवत्सल, डॉ. प्रमोद गुप्ता सहित साठ जिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। डॉ. डीपी सिंह को दुबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर जनपद के चिकित्सकों में हर्ष व्याप्त है।