गाजीपुर। लगातार तीन दिनों से रुक-रुक हो रही बारिश से जहां गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वहीं शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर किचकिच से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिन पहले तेज और धीमी रुक-रुक कर बारिश का जो क्रम शुरू हुआ, वह सोमवार को भी जारी रहा। बारिश की वजह से गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। इसके साथ ही जिले सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गों पर जल-जमाव और कीचड़ फैलने से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर से गोलाघाट, ददरीघाट, सकलेनाबाद, रौजा, मालगोदाम रोड आदि मार्गों पर पानी लगने और कीचड़ की वजह से आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे खराब हालत गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर आलम पट्टी के पास की रही। सड़क पर मौजूद गड्ढे में पानी भरा रहने के साथ ही कीचड़ फैला रहा। इससे आने-जाने वालों की खूब फजीहत हुई। जो लोग प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं, वह तो पानी-कीचड़ के अंदर मौजूद गड्ढे की गहराई से हिलते-डुलते निकलते रहे, लेकिन अंजान बाइक सवार गिरते-गिरते बचते रहे।