दुबिहा (गाजीपुर)। पूरे देश में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में सियाड़ी गांव सभा के दर्जनों किसान रविवार की सुबह लट्ठूडीह-कोटवा मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन करने लगे। जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझा कर एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया। जाम की वजह से आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विभिन्न मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में किसान आंदोलनरत हैं। इस आंदोलन के समर्थन में आज सियाड़ी ग्रामसभा के दर्जनों किसान सड़क पर उतर गए। सुबह करीब दस बजे लट्ठूडीह-कोटवा मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन करते हुए किसान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार बढ़ाए गए डीजल के दाम को अविलंब वापस ले। एमएस स्वामीनाथन की सिफारिश को लागू किया जाए। करइल में पैदा होने वाली मुख्य फसल मसूर, चना, तिलहन, खेसारी तथा दलहनी फसलों की खरीद नजदीक के सेंटर मुड़ेरा खास के गेहूं क्रय केंद्र पर शुरू कराई जाए। जाम की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसानों को समझा-बुझा कर एक घंटे बाद 11 बजे जाम समाप्त कराया। जाम करने वालों में शिवकुमार राय, धनंजय राय, ग्राम प्रधान कमलेश राय, मनोज राय, श्रीकांत राय, हरदेव राय, अखिलेश, मैथू तिवारी, शनि, अवनीश, श्यामलाल सहित दर्जनों किसान शामिल रहे। जाम की वजह से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया था। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। जाम में फंसे लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे। एक घंटे बाद जाम समाप्त होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।