गाजीपुर।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे फतेहपुर अटवा हाल्ट स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। समारोहपूर्वक आयोजित इस कार्यक्रम की सभी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। उद्घाटन के बाद आज से हॉल्ट स्टेशन पर तीन जोड़ी सवारी गाड़ियों का ठहराव किया जाएगा। उद्घाटन समारोह को लेकर हाल्ट स्टेशन पर पिछले कई दिनों से तैयारी की जा रही थी। हाल्ट स्टेशन की साफ-सफाई के साथ ही रंग-रोगन का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। रेलवे के स्थानीय अधिकारियों के साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों की तरफ से यहां आकर उद्घाटन एवं कार्यक्रम स्थल पर की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। शनिवार की शाम तक सभी तैयारी पूरी कर ली गई। रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों को उपलब्ध कराई गई इस सुविधा से क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा। अब इस हॉल्ट स्टेशन पर 3 जोड़ी सवारी गाड़ियों का ठहराव होगा। 55133 बलिया-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी हॉल्ट पर 6.57 बजे पहुंचकर 6.58 बजे प्रस्थान करेगी। 55131 छपरा-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी हॉल्ट स्टेशन पर 11.37 बजे पहुंचकर 11.38 बजे प्रस्थान करेगी। 75103 फेफना जं. - वाराणसी सिटी डेमू सेवा गाड़ी हॉल्ट स्टेशन पर 14.30 बजे पहुंचकर 14.31 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी यात्रा में 55014 वाराणसी सिटी-छपरा सवारी गाड़ी फतेहपुर अटवा हॉल्ट स्टेशन पर 7.26 बजे पहुंचकर 7.27 बजे प्रस्थान करेगी। 55132 वाराणसी सिटी-छपरा सवारी गाड़ी हॉल्ट स्टेशन पर 15.02 बजे पहुंचकर 15.03 बजे प्रस्थान करेगी। 75104 वाराणसी सिटी-फेफना डेमू सेवा गाड़ी फतेहपुर अटवा हॉल्ट स्टेशन पर 11.26 बजे पहुंचकर 11.27 बजे प्रस्थान करेगी।