दिलदारनगर (गाजीपुर)। रक्सहा-हुसैनाबाद बाईपास मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर दूसरे दिन शनिवार को भी कांग्रेस अल्पसंख्यक के संयोजक एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष फरीद अहमद गाजी अनशन पर बैठे रहे। मौके पर पहुंची सेवराई एसडीएम सत्येंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने मार्ग पर शीघ्र कार्य शुरू कराने की बात कहते हुए अनशन समाप्त करने को कहा। इस पर फरीद गाजी ने कहा कि वह अनशन तभी समाप्त करेंगे, जब मार्ग की मरम्मत का कार्य प्रारंभ हो जाएगा या जिलाधिकारी यहां आकर निर्माण का ठोस आश्वासन देंगे।
उन्होंने कहा कि अनशन तब तक नहीं टूटेगा, जब तक जिलाधिकारी न आ जाएं या सड़क का मरम्मत कार्य शुरू न हो जाए। कहा कि प्रदेश की सरकार सिर्फ आश्वासन पर आश्वासन दे रही है। कई बार आश्वासन दिया कि प्रदेश की सड़कें गड्ढा मुक्त हो जाएंगी। लेकिन अब तक क्षेत्र में एक भी सड़कों पर मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, जिसके कारण सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। इससे आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे दयनीय हालत रक्सहा-हुसैनाबाद बाईपास मार्ग की है, जिस पर करीब आठ माह से आवागमन पूरी तरह से बंद है। इस मौके पर पूर्व पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह, गुलाम मजहर खां, शमशाद खां, वसीम खां आदि मौजूद रहे।