बिजली की मूल्यवृद्धि के विरोध में धरना-प्रदर्शन के क्रम में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को बिजली विभाग की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। यात्रा नई सब्जी मंडी से प्रारंभ होकर सुजावलपुर, लाल दरवाजा, मिश्रबाजार, महुआबाग होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग सहित शासन-प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
इस अवसर पर आयोजित सभा में आप के जिला संयोजक रुद्रेश कुमार निगम ने कहा कि सत्ता में आने के महज 8 महीने और निकाय चुनाव के तुरंत बाद प्रदेश सरकार ने प्रदेश में बिजली की दरों में भारी वृद्धि की है। शहरी बिजली पहले से ही महंगी थी उसमें भी 15 प्रतिशत की भारी वृद्धि कर दी गई एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 70 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई है। प्रदेश सरकार ढोंग करती है कि सबका साथ सबका विकास होगा। जिला सचिव सुभाषचंद्र मौर्या ने कहा कि इंडस्ट्री चलाने वालों को इसमें छूट दी गई है। नोटबंदी और जीएसटी की मार झेल रहे आम आदमी पर आखिर अतिरिक्त भार क्यों डाला गया है। इस वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। गरीब, मजदूर एवं किसान इस बेतहाशा मूल्यवृद्धि से हताश एवं परेशान है लेकिन सरकार को इससे कुछ भी मतलब नहीं है। ब्लॉक संयोजक नागेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार के इस जन विरोधी फैसले का पार्टी विरोध करती है। इस मौके पर दरख्शां परवीन, सलमान सईद, नागेंद्र शर्मा, रामाधार गुप्ता, अजय कुमार वर्मा, सतीश कुमार यादव, कन्हैया, विनोद पटवा, छोटू, अनिमेष जौन, जाहिद अहमद, राजीव कुमार, कुर्बान अंसारी, विजयशंकर गुप्ता, अफसर हुसैन, सतेंद्र बहादुर, धर्मेंद्र कुशवाहा, वसीम अंसारी, मुलायम यादव, धर्मेंद्र यादव आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुद्रेश कुमार निगम एवं संचालन जावेद अहमद ने किया।