गाजीपुर। अपात्र-डबल कार्डधारकों के नाम पर खाद्यान्न का दुरुपयोग करने वाले उचित दर विक्रेताओं की खैर नहीं है। सत्यापन के दौरान पाए गए ऐसे आठ उचित दर विक्रेताओं के खिलाफ आरसी जारी कर बाजार दर से खाद्यान्न की वसूली करने का निर्देश जिलाधिकारी की ओर से दिया गया है। इसके साथ ही दो अन्य उचित दर विक्रेताओं का अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर राशनकार्डों के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। विभिन्न जिलास्तरीय अधिकारियों की ओर से पिछले दिनों कई विकासखंडों के ग्रामों में क्रास चेकिंग में दर्जनों अपात्र पाए गए। जांच में अपात्र-डबल कार्डधारकों के नाम पर खाद्यान्न का दुरुपयोग करने वाले आठ उचित दर विक्रेता भी पाए गए। इनके खिलाफ जिलाधिकारी केे निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर करंडा ब्लाक के सत्येंद्र सिंह, मुहम्मदाबाद के संजय कुमार गुप्ता, चुनमुन, सदर के राजेश सिंह यादव, कासिमाबाद की पूनम, सादात के धर्मचंद्र गुप्ता, दशरथ कुशवाहा एवं देवकली की उचित दर विक्रेता धुरपतिया देवी के खिलाफ आरसी जारी कर खाद्यान्न की धनराशि की वसूली बाजार दर से की जाएगी। दो उचित दर दूकानों का अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया गया है। डीएसओ ने बताया कि सरकारी सेवा में कार्यरत जो कर्मचारी योजना का लाभ लेते पाए जाएंगे, उनका कार्ड निरस्त करते हुए उनके विभागाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया जाएगा।