दिलदारनगर। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने मंगलवार की रात दिलदार नगर स्टेशन पर बांद्रा-पटना साप्ताहिक ट्रेन के शौचालय और जनरेटर यान के नीचे से 41.64 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब की खेप बिहार भेजी जा रही थी। हालांकि कोई तस्कर नहीं पकड़ा गया।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक गणेश सिंह राणा ने बताया कि ट्रेनों के चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि 22971 बांद्रा-पटना साप्ताहिक ट्रेन से शराब की खेप बिहार भेजी जा रही है। इस पर दिलदार नगर स्टेशन पर ट्रेन के विशेष ठहराव के लिए सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर को सूचना दी। इसके बाद रात में प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन आई तो उसकी जांच की गई।
ट्रेन के जनरेटर यान के नीचे से और कोच संख्या एस-तीन के शौचालय से शराब बरामद हुई। कोच में कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 41.64 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसकी कीमत 18 हजार रुपये है। इसके बाद जीआरपी को विधिक कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।