यूपी बोर्ड परीक्षा-2016 की परीक्षा में इस वर्ष 25 हजार परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई है। इसके चलते 40 और परीक्षा केन्द्र बढ़ाए जाएंगे, जो परीक्षा केन्द्र पिछले वर्ष थे उन्हें बरकरार रखा जाएगा जबकि नए बनने वाले 40 परीक्षा केन्द्रों की
जांच-पड़ताल कर परीक्षा केन्द्र के लिए अंतिम रूप प्रदान किया जाएगा। माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बुधवार को क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के सभाकक्ष में हुई बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ह्रदयराम आजाद ने कहा कि 28
सितंबर तक कक्षा-9 की नामावली सूची और विद्यालय से संबंधित शैक्षिक रिकार्ड की सीडी उपलब्ध कराना अनिवार्य है। जिले का परीक्षाफल गत वर्षों की तरह संतोषजनक रहा। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से शिक्षा की गुणवत्ता पर बल दिया।
इससे पहले वित्त एवं लेखाधिकारी सतीश सिंह ने वेतन एवं बोर्ड परीक्षा के मानदेय से संबंधित जानकारी प्रदान की। इससे संबंधित समस्याओं का निदान किया। सह जिला विद्यालय निरीक्षक शिवपूजन द्विवेेदी ने चिन्हित किए गए जिले के सौ
से अधिक विद्यालयों में वृक्ष लगाने की जानकारी दी। इंस्पायर अवार्ड योजना के संबंध में उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से अपने विद्यालय के बच्चों से इसमें प्रतिभाग करने की बात कही। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के सहायक
लेखाधिकारी आशीष श्रीवास्तव और यू-डायट प्रपत्र के इंचार्ज मनीष श्रीवास्तव तथा राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव ने यू-डायस प्रपत्र भरने की उपस्थित प्रधानाचार्यों को जानकारी दी। इन प्रपत्रों को भरकर अक्तूबर के
पहले सप्ताह तक संबंधित वितरण केन्द्र या जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय पर जमा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में राजकीय सिटी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मनिराम सिंह, राजकीय बालिका इंटर कालेज की रजनी टमटा, सावित्री
जैसवार, शांति यादव सहित कई अन्य माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य उपस्थित थे।