गाजीपुर। लालनपुर मड़ई में बृहस्पतिवार की रात में एक किलो 15 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों की गिरफ्तारी के बाद एएनटीएफ के सामने अब तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। इसमें गिरफ्तार आरोपियों के पास मिले चार मोबाइल जांच का अहम आधार बने हैं।
मोबाइल नंबरों और उन पर हुई बातचीत का डिटेल खंगालते हुए टीम झारखंड और भोपाल तक पहुंच गई है। दोनों स्थानों पर संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गई हैं।
नगर कोतवाली के महराजगंज तिराहे से आगे लालनपुर मड़ई गांव मोड़ के पास एएनटीएफ ने सरैया निवासी राकेश यादव उर्फ गामा, भुतहियाटांड तुलसीपुर निवासी कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति और मुहम्मदाबाद कोतवाली के शहनिंदा निवासी रीना यादव को बृहस्पतिवार की रात को पकड़ा था।
इनके कब्जे से एक किलो 15 ग्राम हेरोइन, चार मोबाइल और 1290 रुपये बरामद हुए थे। जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई थी।
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ और मोबाइल से मिले सुरागों के आधार पर झारखंड प्रांत के चौपारण बाजार निवासी सोनू दांगी और भोपाल निवासी सोनू के नाम सामने आए हैं। दोनों तक पहुंचने के लिए एएनटीएफ की अलग-अलग टीमें झारखंड और भोपाल रवाना हो चुकी हैं।