गाजीपुर। जिले में नगर क्षेत्र सहित कुल 17 विकास क्षेत्र हैं। हर क्षेत्र में पांच-पांच सहित एआरपी के 85 पद सृजित हैं। इसके सापेक्ष वर्तमान समय में 49 ही कार्यरत हैं। शेष 36 पद खाली हैं। बाराचवर और नगर क्षेत्र के सभी पांच-पांच पद रिक्त हैं। विभाग की तरफ से खाली पड़े पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। नगर क्षेत्र और प्रत्येक विकास क्षेत्र में अलग-अलग विषयों के पांच एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) होते हैं। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विषय शामिल है। विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का ही चयन एआरपी के तौर पर होता है। इसके लिए पहले 60 अंकों की विषयवार लिखित परीक्षा, 30 अंकों की माइक्रो टीचिंग-शिक्षण प्रदर्शन और 10 अंकों के साक्षात्कार के आधार पर इनका चयन किया जाता है। कुछ महीने पहले आयोजित चयन प्रक्रिया में 85 के सापेक्ष 49 का ही चयन किया जा सका था। जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सर्वजीत यादव ने बताया कि सभी पांचों विषयों में 17-17 पद निर्धारित हैं। रिक्त पदों पर चयन के लिए नए सिरे से आवेदन पत्र मांगे गए हैं। लिखित परीक्षा, माइक्रो टीचिंग और साक्षात्कार के बाद अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। अब तक सैदपुर और सदर विकास क्षेत्र में ही सभी पांच-पांच पद भरे जा सके हैं। बाराचवर और नगर में एक भी पद नहीं भरा जा सका है। सादात, मुहम्मदाबाद, रेवतीपुरी, देवकली में 4-4, करंडा, कासिमाबाद, मनिहारी, बिरनो और जमानिया में तीन-तीन, मरदह, भदौरा, भांवरकोल, जखनिया में दो-दो पद ही भरा जा सका है।