420 शिक्षकों का अन्य जिले से गाजीपुर के लिए हुआ स्थानांतरण
अंतरजनदीय तबादले के लिए 698 शिक्षकों ने किया था आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिले में अंतरजनदीय तबादले के लिए हुए आवेदनों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार की शाम को 358 शिक्षकों के स्थानांतरण की सूची जारी की गई है। जबकि सचिव की ओर से जारी स्थानांतरण सूची से 340 शिक्षकों को निराशा हुई है। 420 शिक्षकों का अन्य जिले से गाजीपुर के लिए स्थानांतरण हुआ है।
जिले में संचालित 2269 परिषदीय विद्यालय से गैर जिले के लिए 698 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था। आवेदनों की जांच के दौरान मिली कमियां दूर करने का भी मौका मिला। जांच में पाया गया कि 12 शिक्षकों ने तबादले के लिए गंभीर बीमारी से ग्रसित होने का प्रमाण पत्र लगाया गया था। हालांकि जांच के बाद तीन लोगों ने ही फार्म सबमिट किया। नौ लोगों ने प्रमाण पत्र नहीं बन पाने या किसी अन्य वजह से फार्म में सम्मिलित नहीं किया।
वहीं आवेदन की जांच के बाद निरस्त करने का अधिकार नहीं होने से बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी आवेदनों पर अपनी रिपोर्ट एवं निर्धारित वरीयता क्रम पूरी करने की बात कहते हुए सभी आवेदन ऑनलाइन सचिव कार्यालय को अग्रसारित कर दिया।
सचिव ने दोबारा शिक्षकों के आवेदनों की जांच कर कैंसर रोगी, हृदय रोगी, गुर्दा रोगी, यकृत प्रत्यारोपण, घुटने एवं कूल्हे में बदलाव, प्रोस्टेट सर्जरी, कार्निया प्रत्यारोपण एवं विभिन्न गंभीर बीमारियों से ग्रसित शिक्षकों को वरीयता देते हुए सोमवार को स्थानांतरण सूची जारी कर दी।
सूची में आवेदन करने वाले 358 शिक्षकों की मुराद पूरी हो गई। वहीं 420 शिक्षकों का अन्य जिले से गाजीपुर के लिए स्थानांतरण हुआ है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी हेमंत राव ने बताया कि परिषद की ओर से आदेश मिलने के बाद शहर के छावनी लाइन स्थित बालेश्वर आटीआई परिसर में कैंप लगाकर स्थानांतरित शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जाएगा।