शहर के मिश्रबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण अभियान मेगा शिविर में
गाजीपुर। मिश्रबाजार स्थित मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध 100 बेड के महिला अस्पताल में रविवार को एचपीवी टीकाकरण अभियान का मेगा शिविर लगाया गया। इस उद्घाटन डीएम अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में करीब 43 हजार बच्चों को एचपीवी वैक्सीन लगानी है। अभी तक करीब साढ़े तीन हजार का टीकाकरण हो चुका है। यह टीका करीब 14 से 15 साल की उम्र की बच्चियां को लगना है।
डीएम ने अभिभावकों से अपील किया कि वह बेटियों को पास के सीएचसी पर ले जाएं और टीका लगवाएं। इससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव होगा और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित होगा। इस मौके पर प्रभारी सीएमओ डॉ. मनोज कुमार, उप प्राचार्य डॉ. नीरज पांडेय, डॉ. संजय सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
डीएम ने नियमित टीकाकरण रजिस्टर की जांच की। इस दौरान टीकाकरण के रिकॉर्ड अधूरे पाए जाने पर प्रभारी सीएमओ और मेडिकल कॉलेज के प्रभारी को फटकार लगाई। डीएम ने कहा कि अभी प्रगति सिर्फ 16 प्रतिशत है। कार्ययोजना सुधारने की बात कही और कहा कि अगले एक महीने में टीकाकरण का काम पूरी की जाए।