जिले के पीएम-श्री विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए खेल सामग्री खरीदी जाएगी। स्पोर्ट्स अनुदान योजना के तहत चयनित 32 स्कूलों को 50-50 हजार रुपये की दर से खेल सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से 16 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की सुविधा भी उपलब्ध कराना है। इस सामग्री में सामान्य बच्चों के साथ दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित बच्चों के लिए खेल उपकरण भी शामिल होंगे।
जिले में वर्तमान समय में 32 पीएम-श्री विद्यालय चयनित हैं। इनमें पहले चरण में 20 और दूसरे चरण में 12 का चयन किया गया था। खेलें भी और खिलें भी अभियान के क्रम में फेज-एक और दो में चयनित सभी 32 पीएम-श्री विद्यालयों के लिए खेल सामग्री खरीदी जानी है। प्रत्येक विद्यालय में खेलकूद प्रभारी शिक्षक की तरफ से स्पोर्ट्स क्लब का गठन किया जाएगा। क्लब सदस्य के रूप में खेलों में रुचि लेने वाले कम से कम 10 छात्रों को नामित करना है। जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सर्वजीत यादव ने बताया कि खेल सामग्रियों के साथ-साथ सभी विद्यालयों में फर्स्ट एड बाक्स की किट भी उपलब्ध कराई जानी है। सभी विद्यालय में फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत खेल होंगे। छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल खेलने का अवसर मिलेगा। रस्सी कूद और खो-खो आदि खेलों में उन्हें पारंगत बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों के एसएमसी खाते में निर्धारित धनराशि भेज दी गई है।