जमानिया। क्षेत्र के दरौली गांव स्थित महिला महाविद्यालय के सभागार में बुधवार को मतदाता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को मतदान का महत्व और उनके वोट की अहमियत के बारे में समझाया गया। अंत में छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता गोष्ठी जागो मतदाता जागो विषय पर आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक डा. हरीशचंद्र सिंह कुशवाहा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण कर किया। इसके बाद महाविद्यालय की छात्रा मीनू कुमारी ने मतदान संबंधित जानकारी साझा की। कहा कि प्रत्येक वोट कीमती है। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर ही अच्छे प्रतिनिधि का चुनाव कर सकते हैं। छात्रा संध्या यादव ने कहा कि वोट देना सभी का हक है और हर युवाओं को इसमें बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग करना चाहिए। प्रबंधक डा. हरीशचंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए शिक्षित युवा वर्ग देश में स्वच्छ सरकार के चयन के लिए अपनी भागीदारी को समझे। युवकों को अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मतदान के अधिकार एवं मतदाताओं के कर्तव्यों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। गोष्ठी के अंत में प्रबंधक ने मतदान करने और अपने आसपास रहने वाले लोगों को जागरूक करने को लेकर शपथ ग्रहण कराई। इस अवसर पर वर्षा पांडेय, नेहा यादव, शबनम खातून, शांति, सुमन, अंजनी, सीमा, मंगीता, गायत्री, विधा आदि दर्जनों छात्राएं मौजूद रहीं। संचालन सतेंद्र सिंह ने किया।