जमानिया (गाजीपुर)। उड़ीसा प्रांत के कटक जिले के बाराबती स्टेडियम में 15 से17 मार्च तक आयोजित 39वीं एनटीपीसी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में क्षेत्र के तीरंदाज रोहित ने अपना लोहा मनवाते हुए टीम इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया। उसकी इस कामयाबी पर हेतिमपुर गांव स्थित द्रोणा तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में बैठक आयोजित कर पदक जीतने पर हर्ष व्यक्त किया गया।
बैठक में जिला तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दूबे ने बताया कि उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम इवेंट में संस्था के खिलाड़ी रोहित कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। रोहित ने पूर्व में आयोजित प्रतियोगिता में राष्ट्रीय पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर कोच राकेश मौर्य, राजन चौधरी, मनीष, रोहित सिंह, प्रमोद कुमार, ज्योति, प्रियंका, साधना, नमिता, मोनिका, अनिल वर्मा आदि उपस्थित थे।