गाजीपुर। स्कूल कालेज हो या सरकारी दफ्तर मंगलवार को छुट्टी होने से पहले जमकर रंग- गुलाल की होली खेली गई। बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर मस्ती की तो शिक्षक और कर्मचारियों ने भी त्योहार की खुशियां मनाईं। इस दौरान एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल भी लगाया।
विकास भवन में स्थित विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों ने जोश तथा उत्साह के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान एक-दूसरे को अबीर-गुलाल से नहला दिया। लोगों के चेहरे पर अबीर-गुलाल इस कदर लगा था कि चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। दोपहर बाद से होली खेलने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह दफ्तर बंद होने तक चलता रहा। इसी प्रकार सिविल बार एसोसिएशन की ओर से भी अबीर गुलाल लगाकर होली मनाया गया। इसी प्रकार जिले भर के स्कूल, कालेजों में मंगलवार को पढ़ाई के बाद होली पर्व की छुट्टी कर दी गई। नन्हें-मुन्ने पैदल, रिक्शा और वाहनों से घर लौटते समय रास्ते में भी होली की मस्ती में चूर होते हुए एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल की बौछार करते रहे।