गाजीपुर। रोटरी क्लब ने स्थापना की 114वीं सालगिरह पर जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आंतकी हमले में घायल सैनिकों की जीवन रक्षा के लिए आगे कदम बढ़ाया। शनिवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में कैंप लगाकर रक्तदान किया गया। इस मौके पर मात्र ग्यारह यूनिट ब्लड एकत्र किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसएन प्रसाद, सीएमओ जीसी मौर्या तथा विनोद अग्रवाल ने संयुक्त रुप से किया। सबसे पहले आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। दो मिनट का मौन रख कर गतात्मा की शांति के लिए जवानों ने प्रार्थना की। श्री मौर्या ने कहा कि यह एक नेक कार्य है। एक यूनिट रक्त से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसके लिए हर व्यक्ति को आगे आना चाहिए। ब्लड बैंक के साकेत सिंह ने कहा कि रक्तदान से शरीर को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होता। शिविर में कुल 11 लोगों ने रक्तदान किया तथा कई ने पंजीकरण कराया। इसमें संतोष कुमार वर्मा, सचिव सुमित अग्रवाल, जय प्रकाश वर्मा, संजय यादव, आकाशद्वीप, अजहर खां, गोपाल वर्मा, प्रदीप, राजेश धवल, सज्जाद हैदर शामिल रहे। इस मौके पर एलटी बृजभान सिंह, बृजेश शर्मा, प्रज्ञा तिवारी, पूजा कुमारी आदि शामिल रहे।