गाजीपुर। शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौ में प्रवेश के लिए (लेटरल इंट्री) परीक्षा का आयोजन शनिवार को किया गया। इस परीक्षा में 422 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि शेष 817 परीक्षा में बैठे। एक पाली में हुई परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।
शहर में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौ में दाखिले के लिए हर वर्ष प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी प्रवेश परीक्षा का आयोजन आज दिन में किया गया। कक्षा-नौ की तीन सीट के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा के लिए एमजेआरपी पब्लिक स्कूल को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के लिए 1239 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 1009 बालक एवं 230 बालिकाएं रहीं। एक पाली में सुबह दस से दिन में साढ़े बारह बजे तक आयोजित परीक्षा में 817 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 422 ने परीक्षा नहीं दी। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य मुख्तार आलम ने बताया कि 1009 बालकों में 687 तथा 230 बालिकाओं में 130 परीक्षा में बैठीं। परीक्षा नकलविहीन और सकुशल संपन्न हो गई। बताया कि इस अवसर पर केंद्र अधीक्षक सुदर्शन सिंह कुशवाहा, परीक्षा प्रभारी आरके पांडेय, सुधीर मिश्र, बीपी दुबे, आकाश तिवारी, अजीत कुमार, मधुलिका तथा संतोष आदि उपस्थित थे।