गाजीपुर। कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच को मंगलवार की सुबह एक बड़ी सफलता मिली। सदर कोतवाली के चंदननगर कॉलोनी स्थित एक मैरिज हाल में पुलिस टीम ने छापेपारी की। जिसमें 335 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो कार बरामद कर तस्करी के कार्य में लिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली में आयोजित पत्रकारवार्ता में एसपी सिटी प्रदीप दुबे ने गिरफ्तार तस्कर को सामने लाते हुए बताया कि यह शराब की बिक्री बलिया एवं बिहार के सीमावर्ती जिलों में करता था।
उन्होंने बताया कि रात में कोतवाली प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य और क्राइम ब्रांच प्रभारी विश्वनाथ यादव रौजा तिराहा पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कृष्णपुरी चंदननगर कॉलोनी में स्थित एक मैरेज हाल में तस्करी के लिए भारी मात्रा में शराब रखी हुई है। इस सूचना पर अधिकारी द्वय ने भोर में करीब पौने चार बजे पुलिस बल के साथ मैरेज हाल में छापेमारी की। पुलिस को पहुंचते है वहां मौजूद चार व्यक्ति फरार हो गए, जबकि नगर के महाजनटोली निवासी सूर्यप्रकाश उर्फ लाले को पुलिस ने पकड़ लिया। मैरेज हाल में स्थित कमरा से 260 पेटी, लान में खड़े टवेरा वाहन से 50 और वैगनार कार से 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर अभियुक्त सहित कोतवाली लाई। एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उक्त शराब हम लोग हरियाणा से लाकर यहां स्टोर किए थे। यहां से टवेरा और वैगनार वाहन से बलिया एवं बिहार के सीमवाती जिलों में सप्लाई करते थे। वाहनों पर अंकित नंबर फर्जी है। एसपी सिटी ने बताया कि फरार महाजनटोली निवासी आनंद प्रकाश, नवापुरा के दीपक सिंह उर्फ दीपू और दो अज्ञात व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्त में आए अभियुक्त का चालान कर जेल भेज दिया गया।