गाजीपुर। शहर के लूदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कालेज में मधुमेह दिवस और बाल दिवस पर बुधवार को विभिन्न प्रकार के आयोजन किए गए। इसके तहत छात्राओं ने मधुमेह दिवस पर ग्लोबल डायबिटीज वॉक किया। वहीं बाल दिवस पर कॉलेज परिसर में कई प्रकार की खेल-कूद प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम के अंत में गुरुजनों ने मधुमेह से खतरे और जागरूकता विषय पर गोष्ठी का आयोजन की। इसमें निरोग जीवन जीने के लिए नियमित व्यायाम और संतुलित आहार लेने पर गहन चर्चा की गई। बुधवार को सबसे पहले स्कूली छात्राओं ने ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ओर से आयोजित ग्लोबल डायबिटीज वॉक निकाला। प्राचार्या सिस्टर अलफोंसा ने इसे हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह रैली तुलसीसागर, सिंचाई विभाग चौराहा, तड़बनवा आदि होते हुए फिर कॉलेज में आ कर समाप्त हुई। इस दौरान छात्राएं शुगर से बचाव के लिए प्रेरित कर रही थी। इसके बाद छात्राओं को मधुमेह रोग के बारे में भी गहन जानकारी दी गई। शिक्षा दी गई कि अगर भविष्य में शुगर रोग से दूर रहना है तो मेहनतकश जीवन जीना होगा। रोज व्यायाम, योग के साथ ही नियमित तथा संतुलित आहार लेना होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजीता, रामबचन, मनोरमा, रीता सिंह, श्वेता राय, मदन, ज्ञानचंद्र, काजल, प्रीती समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी तथा छात्राएं मौजूद रहीं।