जमानिया(गाजीपुर)। श्री प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने सीओ द्वारा जनता के उत्पीड़न को लेकर मंगलवार को कस्बा बाजार स्थित बलुआ घाट के पास समिति के सदस्यों एवं व्यापारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर फर्जी मुकदमे लादे जाने पर चर्चा की गई।
बैठक में समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि सीओ अपने अहंकार और खाकी के नशे में चूर हैं। उन्हें किसी का विरोध बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है। जो लोग उनका विरोध कर रहे हैं उन पर अपने पद का दुरुपयोग कर जबरन मुकदमा दर्ज करा रहे हैं। उनके कृत्य की निंदा की जाती रहेगी। कहा कि सीओ की ओर से जब तक उत्पीड़न बंद नहीं होगा तब तक विरोध जारी रहेगा। जनता के बीच खाकी का खौफ नहीं आदर होना चाहिए। इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से प्रयास भी किया जा रहा है लेकिन कुछ अधिकारियों की वजह से विभाग की पहल को बट्टा लग रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 23 अक्तूबर को रामलीला मैदान में बरुइन गांव में हुए हत्याकांड में फर्जी मुकदमा के विरोध में शांतिपूर्ण ढंग से चल रहे धरना-प्रदर्शन में सीओ के कहने पर चक्काजाम दिखाकर 20 से 25 अज्ञात के विरुद्ध फर्जी मुकदमा कराया गया है, जो ठीक नहीं है। चेताया कि अगर फर्जी मुकदमे को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर जितेंद्र जायसवाल, मुन्नू खां, छोटेलालचौहान, बबलू वर्मा, अनिल गुप्ता, कलीम, रमाशंकर प्रजापति, राजू यादव,अनिल पांडेय, प्रभु कुशवाहा आदि उपस्थित थे।