गाजीपुर। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बाद अब जिले को वीवीपैट भी उपलब्ध करा दी गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से आवंटित एम-3 मॉडल की 3715 वीवीपैट शनिवार को यहां आ गई। कड़ी सुरक्षा के बीच यहां मशीन आते ही उसे जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित गोदाम में रखने में कर्मचारी जुट गए हैं।
वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में हलचल तेज होने लगी है। उधर निर्वाचन आयोग भी सक्रिय हो गया है। आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए आयोग की ओर से जिले को कुछ महीने पहले एम-3 मॉडल की इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) 5022 बैलट यूनिट और 3715 कंट्रोल यूनिट उपलब्ध कराई गई थी। बीईएल से ईवीएम प्राप्त होने के बाद आयोग की ओर से कुछ सप्ताह पहले जिले को एम-3 मॉडल की वोटर वेरीफाइड पेपर आडिट ट्रेल (वीवीपैट) आवंटित की गई। बंगलुरु स्थित बीईएल से इसे प्राप्त करने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही गाजीपुर के लिए तिथि निर्धारित की गई थी। गाजीपुर को वीवीपैट प्राप्त करने के लिए पांच नवंबर की तिथि तय की गई थी। आज दिन में जिले को वीवीपैट प्राप्त हो गई। चार ट्रकों में आई वीवीपैट को निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम में रखने का काम रात तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। इस संबंध में जिला विकास अधिकारी-प्रभारी अधिकारी ईवीएम मिश्रीलाल ने बताया कि आयोग की ओर से बीईएल बंगलुरु से आवंटित वीवीपैट शनिवार को जिले को प्राप्त हो गई। वीवीपैट रखवाने के समय निर्वाचन कार्यालय के शिवप्रकाश त्रिपाठी, अमरनाथ उपाध्याय, गोपाल पांडेय, अवधेश श्रीवास्तव, महेश आदि उपस्थित थे।