गाजीपुर। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) मिलने के बाद अब वीवीपैट मिलने की बारी आ गई है। निर्वाचन आयोग की ओर से जिले को एम-3 मॉडल की 3715 वीवीपैट आवंटित की गई है। बंगलुरू स्थित बीईएल से इसे प्राप्त करने के लिए पांच नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है।
लोकसभा का चुनाव वर्ष 2019 में प्रस्तावित है। अगले वर्ष होने वाले चुनाव को लेकर जहां राजनीतिक दलों में कश्मकश दिखाई देने लगी है वहीं निर्वाचन आयोग की सक्रियता भी बढ़ गई है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्यक्रम चल रहा है। आगामी चुनाव के मद्देनजर कुछ माह पहले जिले को एम-3 मॉडल की इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) उपलब्ध कराई गई। इसमें 5022 बैलट यूनिट और 3715 कंट्रोल यूनिट है। बीईएल से ईवीएम प्राप्त होने के बाद जल्द ही उसकी फर्स्ट लेवल चेकिंग कराई जाएगी। इसके लिए तकनीकी कर्मचारी जल्द ही यहां आएंगे। ईवीएम के बाद अब आयोग की ओर से जिले को एम-3 मॉडल की 3715 वोटर वेरीफाइड पेपर आडिट ट्रेल (वीवीपैट) उपलब्ध कराई जा रही है। बीईएल बंगलुरू से वीवीपैट प्राप्त करने के लिए आयोग की ओर से प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए तिथि निर्धारित की गई है। गाजीपुर को वीवीपैट प्राप्त करने के लिए पांच नवंबर की तिथि निश्चित की गई है। इसी दिन बाराबंकी और बस्ती की भी तिथि निर्धारित है। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीईएल बंगलुरु से वीवीपैट प्राप्त करने के लिए गाजीपुर के लिए पांच नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है।