जमानिया। स्थानीय तहसील सभागार में शनिवार को पीओएस मशीन का वितरण उप जिलाधिकारी ने ब्लॉक के 93 सस्ते गल्ले के दुकान संचालकों में से उपस्थित 41 संचालकों को किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस मशीन के लग जाने से कार्ड धारकों अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य का बायोमेट्रिक निशान लगाने के बाद ही अनाज का वितरण किया जाएगा। पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाते ही अनाज की मात्रा एवं रुपये की पर्ची निकल जाएगी। जितना उस पर लिखा रहेगा उतना खाद्यान्न लेकर कार्ड धारक रुपया कोटेदार को देगा। इससे वितरण में पारदर्शिता आएगी और काफी हद तक भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा।
उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता ने कहा कि गांव में नेटवर्क के आधार पर पीओएस मशीन में सिम कार्ड लगाये गये हैं। सभी सिम कार्ड 4 जी है, जिससे इंटरनेट कनेक्टिविटी की परेशानी नहीं होगी और सुलभता से राशन वितरण किया जा सकेगा। इससे संबंधित प्रशिक्षण पूर्व में ही कोटेदारों को दिया जा चुका है, लेकिन फिर भी पुन: ब्लॉक के सभी दुकान संचालकों को उनकी सहूलियत के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, रामप्रकाश, राम इकबाल यादव, शिवपूजन यादव, हरिनारायण राम, विजय बहादुर, तूफानी, मुसाफिर सिंह, राजकुमार यादव, संजय करामत राणा आदि अधिकारी-कर्मचारी एवं कोटेदार उपस्थित थे।