गाजीपुर। नगर के आरटीआई मैदान के सामने पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर नाली जाम होने से सड़क पर गंदा पानी फैला हुआ है। इससे आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर समय पानी लगे रहने की वजह से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है। नाली के पानी से दुर्गंध उठने से आसपास के लोगों को संक्रामक बीमारियों का भय सता रहा है।
खजुरिया चौहारा से गोराबाजार, पीजी कॉलेज, पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर सुबह से लेकर देर रात तक आवागमन का दबाव बना रहता है। इस मार्ग से छात्र-छात्राओं, अन्य लोगों के साथ ही आला-अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है। आरटीआई मैदान के सामने सड़क किनारे स्थित नाली पूरी तरह से जाम है और टूट गई है। पानी निकासी अवरुद्ध होने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। हर समय पानी लगा रहने की वजह से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है। पानी के पास पहुंचते ही वाहन सवार इस आशंका वश घबराहट में वाहन का ब्रेक लगा दे रहे हैं कि कही पानी के अंदर गड्ढा होने की वजह से वह गिरकर घायल न हो जाए। पानी के बीच से धीमी रफ्तार में लोग निकल रही है। वहीं कई वाहन सवार तेज रफ्तार में पानी के बीच से वाहनों को निकाल रहे हैं, जिससे मार्ग पर आवागमन करने वालों पर गंदे पानी का छीटा पड़ जा रहा है। इसको लेकर लोगों में आएदिन किचकिच हो रही है। मुहल्लावासियों ने बताया कि पानी से बदबू आने से जहां संक्रामक बीमारियों का भय सता रहा है, वहीं मच्छरों की संख्या में वृद्धि हो रही है। लोगों ने नगरपालिका का ध्यान आकृष्ट कराते हुए नाली की सफाई कराने की मांग की है, जिससे समस्या का समाधान हो सके। इस संबंध में नगरपालिका ईओ संजय कुमार मिश्र ने बताया कि जल्द ही नाली की सफाई कराकर टूटे हिस्से का निर्माण करा दिया जाएगा।