गाजीपुर। महाशिवरात्रि पर्व का उत्साह बुधवार को भी शिवालयों में दिखाई दिया। आस्थावानों का सैलाब शिव मंदिरों में पहुंचकर भोले की चरणों में भांग-धतूरा, फूल-माला, दूध आदि अर्पित किया। साथ ही परिवार के लिए मंगल की कामना की। सुबह से लेकर देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं जयकारा लगाए जाने से मंदिरों के आसपास का वातावरण शिवमय बना रहा। कई मंदिरों में देर रात तक कीर्तन-भजन का आयोजन चलता रहा। सुरक्षा के लिए मंदिरों में पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही।
मरदह संवाददाता के अनुसार महाहर धाम पर आस्था का सैलाब उमड़ा। आलम यह था कि जिस भी नजर जा रही थी, उधर बाबा के दीवाने ही दिखाई दे रहे हैं। धाम में पहुंचे सैकड़ों भक्तों ने भोले का जलाभिषेक किया। भीड़ की वजह से भोले का दर्शन पाने के लिए काफी देर तक भक्तों को लाइन में खड़ा होना पड़ा। जमानिया-मतसा संवाददाता के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व नगर, कस्बा एवं ग्रमीण क्षेत्रों के मंदिरों में भक्तों ने शिव का दर्शन-पूजन किया। महेंवा गांव स्थित बाबा महेश्वर नाथ धाम में सुबह बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से एसआई अजीत कुमार पांडेय, रितेश कुमार द्विवेदी हमराहियों के साथ मौजूद रहे। दर्शनार्थियों की किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए ग्राम प्रधान संतोष कुशवाहा लगे रहे। देवकली संवाददाता के अनुसार बाबा चौमुखनाथ धाम श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भोले चरणों में शीश नवाकर उनसे सुख-समृद्धि की कामना की। भांवरकोल संवाददाता के अनुसार भदौरा गांव में स्थित बाबा भदेश्वर महादेव मंदिर और नकटीकोल में स्थित नर्वदेश्वर नाथ मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भोले भंडारी का दर्शन-पूजन किया। करीमुद्दीनपुर संवाददाता के अनुसार नागेश्वर महादेव मंदिर ऊंचाडीह, बुढ़वा महादेव, झारखंडेय महादेव आ दि मंदिरों में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर के चरणों में भांग-धतूरा, फूल-माला अर्पित कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार बैजलपुर स्थित महादेवा सोमेश्वर महादेव के मंदिर पर श्रद्धालुओं ने दुग्धाभिषेक एवं जलाभिषेक करके भगवान भोले नाथ का पूजनअर्चन किया। इसके अलावा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिवरात्रि पर्व की धूम रही।
गाजीपुर। महा शिवरात्रि के मौके पर शहर के गोराबाजार स्थित बूढ़ा महादेवा मंदिर, मरदह के महाहर धाम, भांवरकोल क्षेत्र के भदौरा गांव में बाबा भदेश्वर महादेव मंदिर और देवकली के बाबा चौमुखनाथ धाम पर मेला लगाया गया था। मेला में चाय-पकौड़ी, चाउमीन, फुल्की, समोसा, बर्गर, अडा रोग के साथ ही श्रृंगार, खिलौना, गुब्बारा के साथ ही झूला गया था। एक तरफ जहां महिला और युवतियों ने चाट-चाउमीन का स्वाद चखनेे के साथ ही श्रृंगार के सामानों की जमकर खरीद की वहीं बच्चों ने खिलौना और गुब्बारा खरीदने के साथ ही झुले का आनंद उठाया। मेला में अच्छी भीड़ से दुकानदारों की भी बल्ले-बल्ले रही।
गाजीपुर। इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व दो दिन मंगलवार और बुधवार को मनाया गया। मंगलवार की देर रात शहर के साथ ही कई ग्रामीण क्षेत्रों में बाजे-गाजे के साथ शिव बारात निकाली गई। दूसरे दिन बुधवार को भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में हाथी-घोड़े और बैंडबाजे के साथ औघड़दानी की बारात निकाली गई।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार शहनिंदा स्थित हनुमान मंदिर से शिव बारात निकाली गई। जो शाहनिंदा पकड़ीतर, चौक, सदर रोड, तहसील त्रिमुहानी, यूसुफपुर बाजार, इलाहाबाद बैंक रोड, फाटक, वकीलबाडी होते हुए महादेवा शिव मंदिर पर पहुंची। यहां पर विधि-विधान से शिव-पार्वती का विवाह सम्पन्न हुआ। शिव बारात में रथो पर सवार देवतागण चल रहे थे। आकर्षक ढंग से सजी बैलगाडी पर भगवान भोले नाथ विराजमान थे। बारात में देवताओ के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के अडभंगी बाराती भी अबीर-गुलाल उडाते बैंडबाजा की धुन पर नाचते हुए चल रहे थे। जगह जगह लोगों भगवान भोले नाथ पर पुष्प वर्षा की। सौदागर पांडेय, श्यामबिहारी राय, शशिशेखर पांडेय, मनोज तिवारी, प्रमोद राय, अमित राय छोटे, रामजी गिरी, तेजबहादुर यादव, गुडडु शर्मा, ओपी गिरी, मुकेश राय, तुंगनाथ खरवार, नीरज राय, मुकेश पांडेय, गुडडु राय, राजेश राय आदि बारात की देख-रेख में लगे रहे। शादियाबाद संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के भूमि धरिया स्वामी के मंदिर से हाथी-घोड़ा और बैंडबाजा के साथ शिव बारात निकाली गई। बारात ने राम-जानकी मंदिर से होते हुए पूरे शादियाबाद नगर का भ्रमण किया। बारात में शामिल भूतप्रेत, हाथी, घोड़ा, बंदर, बैल, यमराज, पागल, बहरूपिए, संतों की टोलियां और विभिन्न स्वरूपों में लोग बरबस ही लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। बारात में शैलेंद्र शिल्पकार, गौरीशंकर प्रधान, विजय कश्यप, संदीप सेठ, अनिल, बबलू पटवा, रामधनी कुशवाहा, शिव कश्यप, श्रीराम सेठ, राजू सेठ, दीपू सोनकर सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।