जमानिया। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को किया गया। इसमें विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक पोस्टर बनाए। प्रतियोगिता में कन्या भ्रूण हत्या पर कई दर्जन पोस्टर रिलीज कर यह संदेश दिया कि किसी भी दशा में कन्या भ्रूण हत्या रोकना हम पढ़े-लिखे लोगों का नैतिक एवं मानवीय धर्म है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवेंद्रनाथ सिंह ने कन्या भ्रूण हत्या को जघन्य अपराध बताया। लिंगानुपात की स्थिति पर चिंता जताते हुए महाविद्यालय स्तर पर सेमिनार, सिम्पोजियम एवं पोस्टर आदि प्रतियोगिताओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल देते हुए छात्राओं को इस विषय पर प्रशिक्षित एवं प्रोत्साहित करने की वक़ालत की। महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शरद कुमार ने प्रतियोगियों के कार्य एवं उनके पोस्टर थीम की प्रशंसा करते हुए स्त्री लिंगानुपात बढ़ाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक आविष्कार जैसे अल्ट्रासाउंड स्कैन द्वारा मां के गर्भ में पलने वाले बच्चे के लिंग का परीक्षण कर यह ज्ञात करना कि गर्भस्थ शिशु लड़का है या लड़की अगर लड़की हुई तो उसे गर्भ में ही खत्म करने को कन्या भ्रूण हत्या कहा जाता है। यह गैर कानूनी है फिर भी चोरी-छिपे इसे अंजाम दिया जा रहा है। कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री थे। कार्यक्रम का प्रारंभ पूजा प्रजापति की सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम में चांदनी भारती, नीलू राईनी, खुशबू कुमारी ने विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर नितीश कुमार अकेला, निधि सिंह, सुप्रिया तिवारी, भरत पांडेय, रामानंद गुप्ता, कमलेश कुमार, सिद्धार्थ कुमार मौर्या, प्रविंद्र कुशवाहा सहित बीएससी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
...