कासिमाबाद (गाजीपुर)। सपा नेता एवं किसान रामकरन यादव की हत्या से दुखी अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से श्रद्धांजलि सभा शुक्रवार को साधन सहकारी समिति खजुहां पर आयोजित की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। आए दिन अपराध की घटनाएं हो रही हैं। रामकरन यादव की हत्या शासन-प्रशासन की विफलता का ही परिणाम है।
सभा में पूर्व विधायक ने कहा कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक इसमें किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की है। अगर प्रशासन नहीं चेता तो किसान सभा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो किसान सभा इसके लिए व्यापक आंदोलन चलाएगी। बताया कि किसान सभा की एक बैठक 25 दिसंबर को भारद्वाज भवन में होगी। अंत में उपस्थित वक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए इश्वर से प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में बलराम यादव, उदय नारायण यादव, राजदेव यादव, दीनानाथ सिंह ,सुरेंद्र राम, वीरेंद्र यादव, रामसूरत यादव प्रधान, रामनरेश यादव, सुमन यादव, सरदार राम, शिवमूरत बिंद, गोरा यादव, आदि ने विचार व्यक्त किया। सभा की अध्यक्षता रामबड़ाई यादव तथा संचालन अखिल भारतीय किसान सभा के ब्लाक अध्यक्ष अशोक मिश्रा ने किया।