गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के रोहली गांव में शनिवार की देर शाम खेत में बकरी चराने को लेकर दबंग ने मासूम की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उसे कुएं में फेंककर फरार हो गया। मासूम के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह मासूम को कुएं से बाहर निकालकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस घटना में मासूम बाल-बाल बच गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।
मासूम के पिता राममिलन बिंद ने बताया कि उनका पुत्र भोला बिंद (5) रोज की तरह बकरियों को चराने सिवान की तरफ गया था। बकरी चराकर वह जैसे ही घर वापस आ रहा था कि गांव के ही एक दबंग ने उसे पकड़ लिया और बकरियों द्वारा खेत चरने की बात को लेकर मारने-पीटने लगा। अभी मासूम कुछ समझ पाता उसने धारदार हथियार से मासूम की गर्दन पर वार कर दिया। संयोग रहा की वह बाल-बाल बच गया और उसकी गर्दन में हल्की चोट आई। इसके बाद दबंग ने उसे कुएं में उठाकर फेंक दिया और फरार हो गया। मासूम के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन ग्रामीणों के साथ पहुुंच गए। बालक को कुएं से बाहर निकालकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मासूम के पिता ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष श्यामबाबू ने बताया कि मासूम का मेडिकल कराकर आरोपी रामबली यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।