गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव में गुरुवार की देर रात विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मायके पक्ष की ओर से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी राजेश कुमार की पत्नी ममता देवी (30) की देर रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। बताया जाता है कि ममता की शादी देवकली में 2007 में राजेश कुमार के साथ हुई थी। मायके वालों ने पुलिस को बताया कि विवाहिता के ससुराल वालों ने बताया की तबियत बहुत ज्यादा खराब है। उन्होंने सदर अस्पताल पहुंचने की बात कही। जिला अस्पताल पहुंचने पर ससुराल वालों ने बताया कि वह विवाहिता को घर लेकर चले गए हैं। वहां पहुंचने पर विवाहिता की मौत हो चुकी थी और उसके मुंह से खून निकल रहा था। उन्होंने ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि आए दिन विवाहिता को छोटी-छोटी बातों को लेकर प्रताड़ित करने का काम करते थे। बताया कि ससुराल वाले नहीं चाहते थे कि वो अपने मायके वालों से बात करें और उसका पति उसे धमकी देता था की मायके वलों से अगर बात करना बंद नहीं करोगी तो तुम्हारा फोन और सिम दोनों तोड़ के फेंक दूंगा। विवाहिता को रक्षाबंधन के दिन भी बात नहीं करने दिया गया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी जितेंद्र दूबे ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।