गाजीपुर। उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के समापन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण रविवार की शाम रायफल क्लब सभागार में किया गया। जनपद में 3009.33 करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हुआ है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के 204 प्रस्ताव शामिल है, जिसमें 179 प्रस्ताव का एमओयू जारी हो चुका है, शेष कुछ दिनों में जारी हो जाएंगे। डीएम ने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिल के जमीन के लिए यूपीसीडा एवं शासन स्तर से वार्ता जारी है और प्रस्ताव भेजा गया हैं। कुछ महीनों में इस पर निर्णय भी हो जाएगा।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि समापन तक प्राप्त निवेश से 10202 लोगों को रोजगार मिलेगा। जनपद को मिले लक्ष्य से 10 गुना से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ है। इन्वेस्टर समिट में सबसे अधिक 400 करोड़ का प्रस्ताव सुखबीर एग्रो एनर्जी लिमिटेड का है। निवेशकों के भूमि की समस्या पर जवाब देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नंदगंज इंडस्ट्रियल स्टेट में जो यूनिट्स बंद पड़ी है, उनको निरस्त कर नए निवेशकों को मौका दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त इंडस्ट्रियल एरिया के ऊपर भी विचार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अगर उद्यमी मिलकर भी प्राईवेट इंडस्ट्रियल पार्क लगाना चाहते हैं तो उसपर सरकार की भी हैंड होल्डिंग रहेगी। उद्यमियों को आसानी होगी। वहां मौजूद निवेशकों ने लाइव प्रसारण के द्वारा राष्ट्रपति, राज्यपाल और सीएम के संबोधन को भी काफी ध्यान से सुना। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, एडीएम अरुण कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण अभिषेक भारती आदि मौजूद रहे।