सेवराई। क्षेत्र के गोडसरा गांव स्थित अमौरा पंप कैनाल से संचालित माइनर टूटने से दर्जनों किसानों की करीब 30 बीघा फसल शुक्रवार को जलमग्न हो गई। सूचना मिलते ही किसान मौके पर पहुंचे। घंटों मशक्कत के बाद माइनर की मरम्मत कराई गई। पीड़ित किसानों की ओर से मुआवजे की मांग की गई है।गौरतलब हो कि तहसील क्षेत्र के गोड़सरा सिवान में किसानों को गेंहू की फसल को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के लिए अमौरा पंप कैनाल से संचालित माइनर में पानी छोड़ा गया था। गोड़सरा गांव के पास माइनर टूट गया। इससे गोड़सरा गांव निवासी किसान इबरार खान, भोलू खान, मोनू गुप्ता सहित दर्जनों किसानों की 30 बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसानों का आरोप है कि माइनर में सही ढंग से सफाई नहीं कराई गई थी। इससे पानी का दबाव बढ़ने से माइनर टूट गया। सेवराई एसडीएम संजय यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजकर क्षति का आंकलन कराया जाएगा।