गाजीपुर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन, गैंगबाजी का प्रचार और भड़काऊ सामग्री साझा कर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने ऐसे 250 सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिह्नित कर उन्हें संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट किया, जिसके बाद सभी अकाउंट्स को टेकडाउन (बंद) करा दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ.ईरज राजा के अनुसार अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना था।
एसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि कई अकाउंट्स विभिन्न नामों से गैंग बनाकर संचालित किए जा रहे थे। इन अकाउंट्स से अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट किए जाते थे। इसके अलावा जाति और धर्म विशेष को लेकर भड़काऊ सामग्री साझा करने, सड़क पर स्टंटबाजी करने तथा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले वीडियो भी प्रसारित किए जा रहे थे। इस तरह की गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति के लिए भी खतरा बन रही थीं।