जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाने, सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने और कांस्टेबलों पर जानलेवा हमला करने के आरोपी 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने तीन वर्ष बाद गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पांडेय मोड़ से दिलदारनगर मार्ग स्थित पुलिया के पास से पुलिस को सफलता मिली।
बीते 13 मार्च 2022 को पांडेय मोड़ तिराहे पर ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल प्रकाश व अंकित कुमार ने कुछ लोगों को सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते देखा था। गांजा पीने में पप्पू भी शामिल था।
कांस्टेबल ने जब मना किया तो पप्पू और उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों से गालीगलौज करने के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में 30 से अधिक लोग मौके पर पहुंच गए और लाठी, डंडे व पत्थर से पुलिस टीम पर हमला किया।
इसमें कॉन्स्टेबल अंकित कुमार को सिर में गंभीर चोट आई थी और वह बेहोश होकर गिर पड़े थे। सूचना पर पहुंचे तत्कालीन थानाध्यक्ष संपूर्णानंद राय और उनकी टीम पर भी हमलावरों ने ईंट-पत्थर फेंका था और सरकारी वाहनों का शीशा तोड़ दिया था।
घटना के दौरान सड़क पर भगदड़ मच गई और राहगीर अपने वाहन को छोड़कर भागने लगे थे। इस मामले में पुलिस ने 31 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि 25 हजार इनामी और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के आरोपी पप्पू को पांडेय मोड़ से दिलदारनगर मार्ग स्थित पुलिया के पास से सुबह 7:20 बजे गिरफ्तार किया गया है। साथ ही विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।