गाजीपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में छात्र नामांकन में प्रेरणा पोर्टल और यू-डायस प्लस के आंकड़ों में 24874 विद्यार्थियों का अंतर सामने आया है। प्रेरणा पोर्टल पर जहां 2,01,773 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज है, वहीं यू-डायस प्लस पर 1,76,899 विद्यार्थी दर्ज हैं। यानी दोनों पोर्टलों के आंकड़ों में हजारों विद्यार्थियों का अंतर है। इस बड़े अंतर को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने डेटा मिलान की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 27 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार जिले के विभिन्न विकासखंडों में दोनों पोर्टलों पर दर्ज छात्र संख्या का अंतर सामने आया है। शासन के निर्देशों के तहत नामांकन का शत-प्रतिशत मिलान सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को तीन कार्य दिवस के भीतर आंकड़ों का मिलान कर आवश्यक संशोधन कराने का निर्देश दिया गया है। दोनों पोर्टलों पर दर्ज कुल नामांकन में 24,874 छात्रों का अंतर होने से विद्यालयवार डेटा सत्यापन की जरूरत बढ़ गई है। विभाग ने निर्देश दिया है कि जिन विद्यार्थियों के नाम किसी पोर्टल पर छूट गए हैं या दोहरे रूप से दर्ज हैं, उन्हें चिह्नित कर रिकॉर्ड अपडेट किया जाए।