गाजीपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में नए 24 जूनियर डॉक्टरों की बीते दो जुलाई को तैनाती की गई। साथ बायोकेमिस्ट्री के सहायक प्रोफेसर और एक वरिष्ठ चिकित्सक ने पदभार ग्रहण कर लिया। जबकि 26 जूनियर डॉक्टर पूर्व में ही पदभार ग्रहण कर चुके हैं। ऐसे में जूनियर डॉक्टरों के 50 पद अब पूर्णत: भर चुके हैं। इधर सहायक प्रोफेसरों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों के पदभार ग्रहण करने का क्रम जारी है। अब तक विभिन्न विद्या के 11 सहायक प्रोफेसर एवं दो वरिष्ठ चिकित्सकों की तैनाती हो चुकी है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में आचार्य के छह पद है, जिसमें दो पद भर चुके हैं। जबकि चार रिक्त पड़े हैं। वहीं सह आचार्य के 20 पद में दो पदभार ग्रहण कर लिया है। जबकि 18 पद अभी पद खाली है। इसके अलावा सहायक आचार्य के 25 पद में आठ की तैनाती हो चुकी है। अभी भी 17 पद खाली है। इन पदों को भरने की प्रक्रिया शासन स्तर से जारी है। वहीं कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों के 50 पद सृजित है, जिसमें 32 डॉक्टरों ने पूर्व में ही पदभार ग्रहण कर लिया था। एक माह पूर्व इसमें दो डॉक्टरों ने पढ़ाई जारी रखने के लिए इस्तीफा दे दिया था। जबकि चार डॉक्टर पदभार ग्रहण करने के बाद बिना बताए अनुपस्थित चल रहे थे। इन्हेें कॉलेज प्रशासन द्वारा नोटिस जारी कर अनुपस्थित रहने का कारण स्पष्ट करने के लिए जवाब मांगा गया था, लेकिन इनके द्वारा कोई जवाब न देने की स्थिति सेवा स्वत: समाप्त हो गई। बीते दो जुलाई को साक्षात्कार के जरिए 24 नए जूनियर डॉक्टरों की तैनाती की गई। इस संबंध में मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि साक्षात्कार के जरिए 24 नए जूनियर डॉक्टरों की तैनाती हो गई है। वहीं सहायक प्रोफेसरों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा पदभार ग्रहण करने का क्रम जारी है।