स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन और रोटरी क्लब के संयुक्त प्रयास से शनिवार को जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 22 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया और महादान का हिस्सा बने। शिविर का उद्घाटन बतौर विशिष्ठ अतिथि अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिन्हा और सीएमएस डॉ. एके मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शिविर में कुल 41 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिसमें से नौ लोग उच्च रक्तचाप के चलते रक्तदान से वंचित रहे। जबकि 10 लोगों को रिर्जव में रखा गया। शिविर के दौरान पहुंचे मुख्य अतिथि सीडीओ अरंविद कुमार पांडेय ने रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर इस नेक कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं हो सकता। एक यूनिट रक्तदान से हम कई लोगों की जिंदगी बचाते हैं। इससे शरीर को अतिरिक्त उर्जा मिलती है। यह हमारे जीवन में किए हुए सभी दान-पुण्य से बढ़कर है। शनिवार को तेज धूप के बाद भी रक्तदान करने वालों की भीड़ जुटी हुई थी। शारदीय नवरात्र में नौ दिन तक उपवास रखने वालों को चिकित्सकों ने रक्तदान करने से मना कर दिया। शिविर में ज्यादातर युवाओं की उपस्थिति देखी गई। ब्लड डोनेशन कैंप सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक चला। रक्तदान कार्यक्रम में मुख्य रूप से रोटरी क्लब के संरक्षक संजीव सिंह बंटी, डॉ. साहिद रजा, डॉ. अनिल कुमार, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष तहसीन अहमद, साकेत सिंह, बृजेश शर्मा, पवन राय, नंदलाल दूबे, संतोष वर्मा आदि मौजूद रहे।