गाजीपुर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नामित किए गए सामान्य प्रेक्षक श्रीनिवास बंदला ने बुधवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम तथा विधानसभा वार पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रेक्षक श्री बंदला ने जिला निर्वाचन कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिकायत पंजिका चेक किया। शिकायतों के निराकरण की रिपोर्ट देखी।
उन्होंने कहा कि चुनाव की सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। इसके बाद उन्होंने विधानसभा वार पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थलों का जायजा लिया। प्रेक्षक ने राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज रौजा, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रकाश नगर, क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान विकास भवन, स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा पीजी कॉलेज गाजीपुर का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थलों पर साफ-सफाई, विद्युत, प्रकाश, पीने के पानी, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सिंह, सभी एआरओ/उप जिलाधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी उपस्थित थे।