गाजीपुर। देश के अंदर गरीब कल्याण एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में प्राथमिकता के आधार पर कई कार्य हुए हैं। लोगों के जीवन को समृद्धशाली बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निष्ठा के साथ कार्य किया है। यह बातें केंद्र सरकार के रेल एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने जंगीपुर विधानसभा के विभिन्न ग्रामों खिदिराबाद, सआदतपुर के तुरकवलिया, बघोल, मदनपुर आदि ग्रामों में शनिवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि देश में हर व्यक्ति के पास अपना स्वयं का घर हो इसके लिए सरकार ने सार्थक प्रयास किया है। सरकार का लक्ष्य है कि 2022 तक कोई भी ऐसा परिवार नहीं होगा, जिसके पास अपना स्वयं का मकान नहीं होगा। गाजीपुर जनपद में भी हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं। बिरनो मंडल के चंपारण पट्टी में आयोजित कार्यक्रम में रामहित यादव के नेतृत्व में 31 लोगों ने श्री सिन्हा के सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री सरोज कुशवाहा, रामनरेश कुशवाहा, रमेश सिंह, प्रवीण सिंह, सुमित तिवारी, संकठा मिश्रा, चतुर्भुज चौबे, अवधेश राजभर, शशिकांत शर्मा आदि उपस्थित थे।