जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित महिला महाविद्यालय के सामने एनएच-24 पर शनिवार की शाम ट्रक और आटो में टक्कर में हो गई। दुर्घटना में आटो चालक सहित चार लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने चालक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया।
जमानिया स्टेशन से सवारी लेकर सुभान टोला मुहल्ला निवासी आटो चालक इकराम अहमद (22) आ रहा था। इसी दौरान शाम को करीब साढ़े पांच बजे हेतिमपुर गांव स्थित महिला महाविद्यालय के सामने गाजीपुर-जमानिया मार्ग पर गाजीपुर की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया, जिससे आटो पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। आटो में फंसे लोग चीख-पुकार करने लगे। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर और आनन-फानन में लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक इकराम अहमद, बुद्धिपुर मोहल्ला निवासी फिरोज अहमद (30), चौधरी मुहल्ला निवासी अशरफ (22) और यही के सलीम उर्फ फत्ते राईन (55) को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। पता पूछने के बाद घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। चालक इकराम की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ऐसा कोई मामला उसके संज्ञान में नहीं है और न ही किसी ने कोई तहरीर ही दी है। तहरीर मिली तो मामले की छानबीन शुरू की जाएगी।