गाजीपुर। विश्व मधुमेह दिवस पर 14 नवंबर बुधवार को जिले में जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से सीएमओ कार्यालय से कचहरी तक ग्लोबल डायबिटीज वाक का आयोजन किया गया है जो कचहरी स्थित राइफल क्लब पर समाप्त होगा। इस अवसर पर मधुमेह पर गोष्ठी का आयोजन कर इस रोग के बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी। उधर जिला अस्पताल में शिविर का आयोजन किया गया है जिसमें मरीजों की नि:शुल्क जांच कर उन्हें संबंधित दवाएं दी जाएंगी।
डायबिटीज की बीमारी से बड़ी संख्या में लोग पीड़ित हो रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता आवश्यक है। जिले में मधुमेह के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पहले यह रोग 40 वर्ष से ऊपर के लोगों को होता था लेकिन अब 25 वर्ष के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। कम उम्र के रोगियों की संख्या करीब 40 फीसदी तक है। चिकित्सकों के मुताबिक आज के परिवेश में रासायनिक खाद के प्रयोग, आराम तलब रहन-सहन और दैनिक जीवन की भागदौड़ और तनाव इस रोग का प्रमुख कारण हैं। इससे बचाव के लिए समय रहते मेहनत, व्यायाम, योग के साथ ही संतुलित भोजन करना आवश्यक है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरके सिन्हा ने बताया कि जिले में मधुमेह के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। राइफल क्लब में आयोजित गोष्ठी के माध्यम से इस बढ़ते रोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।