खानपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बहेरी स्थित साईं तकिया बाजार में शनिवार की रात चोरों ने चार गुमटियों का पल्ला तोड़ कर हजारों रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। पीड़ितों ने चोरी की जानकारी पुलिस को दी।
अहलादपुर गांव निवासी मटरू यादव की पान, लालचंद यादव की चाय-पान और बेलहरी निवासी तिलकधारी राजभर की पान तथा यहीं के रहने वाले मो. सादिक की रिपेयरिंग की दुकान वाली गुमटी में दुकान साईं तकिया बाजार में है। रोज की तरह शनिवार की देर शाम भी सभी दुकान बंद घर चले गए। देर रात चोरों ने चारो गुमटियों का पल्ला तोड़कर सामान चुरा लिया । सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। चाय-पान विक्रेता मटरू ने बताया चोर सैकड़ों रुपया नगद सहित कुछ सामान उठा ले गए। पान विक्रेताओं लालचंद और तिलकधारी ने बताया कि सैकड़ों के सामानों की चोरी हुई है। साइकिल रिपेयरिंग विक्रेता मो. सादिक ने बताया कि टायर-ट्यूब सहित करीब 10 हजार के सामान चोर लेकर चले गए। पीड़ितों ने बताया कि चोरी की सूचना पुलिस को दी गई है। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया की जानकारी मिली है। छानबीन शुरू कर दी गई है। उधर एक ही रात चार गुमटियों में चोरी की घटना से दुकानदारों में भय व्याप्त हो गया है। लोग यह चर्चा करते रहे कि जिन गुमटियों में चोरी की वारदात हुई है, वह बाजार में है। रात में पुलिस कर्मी गश्त भी करते हैं। बावजूद इसके चोर अपना काम कर आराम से कैसे निकल गए। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पुलिस रात में गश्त करने के बजाए आराम फरमा रही है।