गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संपूर्ण समाधान दिवस सभी सात तहसीलों में मंगलवार को आयोजित किया गया। सात तहसीलों की सूचना के अनुसार 761 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 31 आवेदन पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। मुख्य तहसील दिवस जखनियां में डीएम और एसपी ने पीड़ितों की फरियाद सुनी और समस्या का समाधान किया। जिलाधिकारी ने प्राप्त आवेदनों को जल्द से जल्द संबंधित अधिकारी को जांच के बाद निष्पक्ष निस्तारण करने का निर्देश दिया।
जखनियां संवाददाता के अनुसार तहसील में जिलाधिकारी के बालाजी की अध्यक्षता में 167 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त आवेदनों में उद्यान, जल निगम, पट्टा, विद्युत, पशु चिकित्सा, नाली, आवास, राशनकार्ड, सिंचाई, कृषि, पुलिस विभाग, चकबंदी विभाग, नलकूप, शौचालय, शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, जमीनी विवाद, पुलिस प्रकरण से संबंधित प्रकरण रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, उपजिलाधिकारी विजयशंकर तिवारी, क्षेत्राधिकारी जखनिया, एसओसी एसके शुक्ला, उपनिदेशक कृषि यूपी सिंह एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
सैदपुर संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी शिशिर कुमार की अध्यक्षता में 139 आवेदन पत्रों में दो का निस्तारण किया गया। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी शिवशरणप्पा की अध्यक्षता में 158 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी रमेश यादव की अध्यक्षता में 155 में पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। जमानिया संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में 49 आवेदन पत्रों में चार का मौके पर निस्तारण किया गया। सेवराई संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी मो. कमर की अध्यक्षता में 58 आवेदन पत्रों में से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार उपजिलाधिकारी मंशाराम वर्मा की अध्यक्षता में 35 आवेदन पत्रों में एक का मौके पर निस्तारण किया गया।