कासिमाबाद(गाजीपुर)। नीर निर्मल ग्राम योजना के अंतर्गत विकास खंड के नसीरुद्दीनपुर में जल निगम की ओर से डाली गई पाइप लाइन के गड्ढों से लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है । ग्रामीणों ने सड़क किनारे बने इन गड्ढों को तत्काल पाटने की मांग विभागीय अधिकारियों से की है। ग्राम पंचायत नसीरुद्दीनपुर में आर्सेनिक युक्त पानी से मुक्ति दिलाने के लिए नीर निर्मल ग्राम योजना अंतर्गत करोड़ों रुपये की लागत से जल निगम की पानी टंकी का निर्माण कराया गया है। इस पानी टंकी से नसीरुद्दीनपुर ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम बनकटा, राजापुर एवं बारापुर में सड़क किनारे पाइप डाल कर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने के लिए कार्य कराया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइप डालने के बाद मजदूरों ने मिट्टी से पूरी तरह गड्ढों को नहीं भरा जिसके कारण बरसात के समय काफी गहरे और लंबाई में गड्ढे बन गए हैं । इससे आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है । इन राजस्व ग्रामों में सड़क किनारे बने गड्ढे जानलेवा साबित होने की स्थिति में है । ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल गड्ढों को पाटने की मांग की है।