गाजीपुर। विभिन्न समस्याओं को लेकर विद्युत मजदूर पंचायत की ओर से बड़ीबाग स्थित कार्यालय पर चलाया जा रहा धरना मंगलवार को अधीक्षण अभियंता आरआर प्रसाद के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। मौके पर पहुंच कर उन्होंने धरनारत लोगों से 30 जुलाई तक समस्त बकाए का भुगतान करा देने को कहा। इधर संगठन को लोगों ने चेतावनी दी कि अगर इस बार फिर वादाखिलाफी की गई तो चार अगस्त से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरना के दूसरे दिन सभा को संबोधित करते हुए मीटर रीडर संघ के जिलाध्यक्ष विनय तिवारी ने कहा कि काम का लोड बढ़ता ही जा रहा है। सभी रीडर नियमित रूप से काम कर रहे हैं, लेकिन उनका मानदेय नहीं दिया जा रहा है। जिससे उनके समक्ष कई प्रकार की समस्याएं हो रही हैं। विजेंद्र यादव ने कहा कि कर्मचारियों का शोषण रुकना चाहिए। बाद में मौके पर पहुंच कर अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया कि वह सभी की समस्याओं से अवगत है। 30 जुलाई तक सभी बकाए का भुगतान करा दिया जाएगा। विभाग की ओर से किसी कर्मचारी का कभी न तो शोषण किया जाता है और न ही कभी किया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद संगठन के लोगों ने कहा कि अगर आगे किसी भी प्रकार की वादाखिलाफी होगी तो अगला महा आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद धरना संमाप्त कर दिया गया। इस मौके पर शिवमूरत यादव, मनोज कुमार, राकेश मौर्या, प्रवीन सिंह, चंद्रपाल कुशवाहा, गुप्तेश्वर राम, कपिल गुप्ता, रमाशंकर कुशवाहा, सुरेश सिंह,अंसार अली, राम दुलार, बलवंत यादव, बृजेश, अनिल, रुदल भारद्वाज, प्रदीप कुमार नन्हे खां, शिवराम समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।