गाजीपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद मेधावियों की अलग-अलग रूचि है। प्रदेश में दूसरा स्थान पाने वाली अन्नया जहां वैज्ञानिक बनना चाहती है, वहीं अन्य मेधावी प्रशासनिक सेवा, इंजीनियर, अध्यापक एवं चिकित्सक बनना चाहते हैं। जबकि एक मेधावी भारतीय सेना में जाने का जज्बा रखती है।
लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज की स्नेहलता बिंद, इसी विद्यालय की हाईस्कूल की प्रीति यादव, आफरीन भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना चाहती है। लूदर्स कांवेंट बालिका इंटर कालेज की दीप्ति यादव, आकांक्षा गुप्ता, मधु कुशवाहा, हाईस्कूल की अंजली यादव की इंजीनियर बनने की तमन्ना है। आकांक्षा कुशवाहा चिकित्सक बनना चाहती है तो आरती यादव सेना में जाकर देश की सेवा करने की हसरत रखती है। इसके अलावा प्रिया सहाय और सोनी गोयल चार्टर्ड एकाउंटेंट बनना चाहती है। इसके अलावा कुछ अन्य मेधावियों ने अध्यापक बनने की इच्छा है। अव्वल आने वाले अधिकांश छात्रों ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता संग गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि लगन और निष्ठा के साथ पठन-पाठन और बड़े-बुजुर्गो के आर्शीवाद से उन्होंने सफलता की इबारत लिखी है।