गाजीपुर। प्रदेश स्तर पर बिजली मूल्यवृद्धि के विरोध में क्रमवार चलाए जा रहे धरना-प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को नई सब्जी मंडी में विरोध स्वरूप हस्ताक्षर अभियान चलाया। प्रदेश सरकार की ओर से निकाय चुनाव के बाद बिजली दर बढ़ाए जाने पर पार्टी ने जिले के लोगों के बीच जाकर बिजली के मुद्दे पर जनमत संग्रह के माध्यम से आक्रोश फार्म पर हस्ताक्षर कराया। आगामी 15 जनवरी को शक्ति भवन लखनऊ का घेराव कर प्रपत्र सौंपा जाएगा।
इस अवसर पर आप के जिला संयोजक रूद्रेश कुमार निगम ने कहा कि सत्ता में आने के महज आठ महीने के अंदर और निकाय चुनाव के बाद प्रदेश सरकार ने आम आदमी की अनदेखी करते हुए बिजली का दाम शहरी क्षेत्र में 15 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्र में 70 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी। इस मूल्यवृद्धि ने ग्रामीण किसानों एवं छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। जिला सचिव सुभाषचंद्र मौर्या ने कहा कि कमोवेश केंद्र में बैठी सरकार का भी यही हाल है। न तो किसानों का कर्ज माफ किया न ही बिजली का बिल। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली प्रदेश की सरकार ने बिजली का बिल हाफ और दो हजार लीटर पानी माफ कर रखा है। आम आदमी के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मौलिक सुविधाओं को फ्री देने की ठान रखी है। रामाधार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिजली मूल्य वृद्धि को वापस नहीं लिया तो पार्टी 15 जनवरी को शक्ति भवन का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर अनिमेष जौन, सलमान सईद, दरख्शां परवीन, नागेंद्र शर्मा, नंदलाल गुप्ता, हिदायतुल्ला अंसारी, कन्हैया, डा. दानिश, छोटेलाल, राजीव कुमार, शाने आलम, विनोद पटवा, मनोज कुमार, महमूद आलम कादरी, फैजान अहमद आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुद्रेश कुमार निगम एवं संचालन जावेद अहमद ने किया।