दिलदारनगर (गाजीपुर)। जमानिया क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास शुक्रवार की देर रात 33 हजार की लाइन में फाल्ट होने से दिलदारनगर और करहिया विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। दर्जनों गांव अंधेरे में डूब गए। बिजली के अभाव में एक तरफ जहां तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं सुबह पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। किसी तरह हैंडपंपों और कुओं से थोड़ा-बहुत पानी की व्यवस्था कर लोगों ने काम चलाया। दूसरे दिन 17 घंटे बाद बिजली का दर्शन होने पर लोगों ने राहत की सास ली।
रात में करीब नौ बजे बहादुरपुर गांव के पास 33 हजार लाइन में खराबी आ गई। इससे करहिया और दिलदारनगर विद्युत उपकेंद्र से संबंधित फीडरों की बिजली गुल हो गई। बहुआरा, पचोखर, उसिया, बिंदपुरवा, करमा सहित सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए। लोगों ने सोचा कि शायद कही फाल्ट हुआ होगा, उसे ठीक कर अब-तब सप्लाई शुरू हो जाएगी। बिजली का इंतजार करते-करते लोग सो गए। लेकिन सुबह का सूरज निकलने के बाद भी बिजला का दर्शन नहीं हुआ। जगते ही लोगों की परेशानी पानी को लेकर बढ़ गई। लोग बाल्टी-डिब्बा लेकर घरों के आसपास स्थित हैंडपंपों और कुओं की दौड़ लगाने लगे। किसी तरह थोड़ा-बहुत पानी की व्यवस्था कर काम चलाया। पानी के अभाव में कई लोग नहाने से वंचित रह गए। जिन लोगों ने इनवर्टर लगा था, वह भी बिजली के अभाव में चार्ज न होने से निर्धारित समय पर शो-पीस बन गए। कई के मोबाइल चार्ज न होने से बंद हो गए। वह उन्हें चार्ज करने के लिए परेशान रहे। 17 घंटे बाद शनिवार को दिन में दो बचे बिजली का दर्शन होने पर लोगों ने राहत की सास ली। इस संबंध में जेई दिलदारनगर आरके सिन्हा ने बताया कि जमानिया के बहादुरपुर गांव के पास फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित रही। फाल्ट को ठीक कर करीब 17 घंटे बाद बिजली आपूर्ति चालू कराई गई।