दुबिहां। स्थानीय मोड़ से कमसडी गांव के बखरियाडीह बंधे तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने पहल शुरू की है। लंबे समय से इस मार्ग की सुधि लेने वाला कोई नहीं था। ऐसे में सड़क को गड्ढामुक्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
इस सड़क से कई गांव हरदासपुर, कमसडी, असावर, गड़ार, गोविंदपुर, दुबिहां, नेवादा, पातेपुर, पैकवली, पाहुपुर, खड़हरा आदि गांव के लोग आवागमन करते हैं। करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क पिछली सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2013 में बनवाई गई थी। कुछ दिन बाद ही सड़क टूटनी शुरू होकर गड्ढों में तब्दील हो गई। सड़क चलने लायक नहीं रह गई थी। इस सड़क पर चलने वाले साइकिल एवं मोटरसाइकिल सवार अक्सर गिरकर चोटिल हुआ करते थे। इस पर ग्रामीणों ने अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया। इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही। इसी क्रम में अमर उजाला ने कुछ दिन पहले इस बदहाल सड़क की खबर प्रकाशित की। इसका नतीजा यह हुआ कि सड़क पर गिट्टी गिराकर पैच बनने लगा। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग तृतीय खंड के अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया की सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए पैच बनाने का कार्य शुरू करा दिया गया है।